वाराणसी
दिव्यांग क्रिकेटरों के हौसले को मिलेगी उड़ान, ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का अनावरण
सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में अनावरण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उन्हें उचित अवसर और मंच मिले तो वे अपनी प्रतिभा के बल पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उनमें नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा करना है। खेलों के माध्यम से समाज में समावेशिता का संदेश देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने नितिन नवीन को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। संयोजक वीरभद्र सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी ने यह जानकारी दी।
