गाजीपुर
खिलवा गांव में लाखों के आभूषण चोरी, अज्ञात चोरों पर मुकदमा दर्ज
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के खिलवा गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर शादी के लिए खरीदे गए लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मंगलवार को होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के अनुसार, खिलवा गांव निवासी ममता यादव ने तहरीर में बताया कि उनकी छोटी बहन की शादी के लिए आभूषण खरीदकर एक सूटकेस में रखे गए थे। सोमवार की रात चोर घर में घुसे और सूटकेस में रखे पायल, झुमका, अंगूठी, सिकड़ी समेत लाखों रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
मंगलवार को घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
