गाजीपुर
शेरपुर में बाढ़ प्रभावित 400 परिवारों को राहत, आनंद राय मुन्ना ने बांटी राशन किट
शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई गई
कुंडेसर/गाजीपुर। क्षेत्र के शेरपुर पंचायत में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री का वितरण किया गया। भाजपा नेता एवं प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना ने बाढ़ से प्रभावित कुल 400 परिवारों को राशन किट वितरित की। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने राहत महसूस की।

राशन किट वितरण के दौरान आनंद राय मुन्ना ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनका हाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की।
राहत सामग्री के रूप में राशन किट मिलने से ग्रामीणों के चेहरों पर राहत नजर आई। इस अवसर पर तहसीलदार महेंद्र बहादुर, सचिव सूर्यभान राय, जयानंद राय, ओमप्रकाश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
