गोरखपुर
पूर्व उप शिक्षा मंत्री केशभान राय की 110वीं जयंती मनाई
आनंद विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्रतिमा पर पुष्पांजलि, व्यक्तित्व और कृतित्व को किया याद
गोला बाजार (गोरखपुर), 2 सितंबर। गोला क्षेत्र के आनंद विद्यापीठ इंटर कॉलेज, ककरही में बुधवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व उप शिक्षा मंत्री स्व. केशभान राय की 110वीं जयंती सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य द्वार पर स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक रवि प्रताप राय, प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह एवं शिक्षकों ने स्व. केशभान राय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया।
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि स्व. केशभान राय का जीवन समाज और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों से उनके बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार स्व. केशभान राय का जन्म 2 सितंबर 1916 को हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने के साथ उन्होंने शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शिक्षक अनिल कुमार राय, विनोद तिवारी, अजय कुमार शुक्ल, अनिल यादव, समीर राय, अनूप राय, दीपक सिंह, रामप्रकाश, बीरेन्द्र, अजय सिंह पटेल, दीनानाथ, नागेंद्र शर्मा, रामकृपाल, अवधेश कुमार मिश्र, अरुण प्रकाश राय समेत विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
