Connect with us

गाजीपुर

श्रीपुर में मोबाइल टावर से तीन बैटरियां चोरी

Published

on

Loading...
Loading...

चोर चप्पल छोड़कर फरार

तीन लाख रुपये की बताई जा रही कीमत, ताला काटकर वारदात को दिया अंजाम; पुलिस जांच में जुटी

भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में सोमवार की आधी रात चोरों ने वोडाफोन के मोबाइल टावर को निशाना बनाकर तीन बैटरियां चोरी कर लीं। चोरी गई बैटरियों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना ने क्षेत्र में मोबाइल टावरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार श्रीपुर गांव में एयरटेल, जियो और वोडाफोन के तीन मोबाइल टावर स्थापित हैं। सोमवार देर रात चोर वोडाफोन के टावर पर पहुंचे। उन्होंने ताला काटकर टावर के अंदर प्रवेश किया और वहां रखी तीन बैटरियां निकालकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को जब घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने टावर के पास जाकर देखा तो ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी तीनों बैटरियां गायब थीं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी ली।

Advertisement

इस दौरान घटनास्थल पर चोरों की एक जोड़ी चप्पल भी मिली। माना जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद जल्दबाजी में भागते समय चोर अपनी चप्पल मौके पर ही छोड़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि चप्पल पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकती है और इससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि मोबाइल टावरों में लगी महंगी बैटरियां पहले भी चोरों के निशाने पर रही हैं। ऐसे में टावरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।

भांवरकोल थाना प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page