Connect with us

गाजीपुर

बढ़नपुरा पुल बदलेगा भांवरकोल की तस्वीर, जाम से मिलेगी राहत

Published

on

Loading...
Loading...

एनएचएआई ने दी नए पुल को मंजूरी, एक अक्टूबर से निर्माण शुरू करने और जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

भांवरकोल (गाजीपुर)। बढ़नपुरा के संकरे पुल के कारण वर्षों से जाम और दुर्घटनाओं की समस्या झेल रहे भांवरकोल क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बढ़नपुरा पुल के नए निर्माण को मंजूरी दे दी है। मानसून समाप्त होने के बाद एक अक्टूबर 2026 से निर्माण शुरू करने तथा जून 2027 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वीकृत परियोजना के तहत पुराने संकरे पुल के स्थान पर दो लेन प्लस पेव्ड शोल्डर वाला नया पुल बनाया जाएगा। नए पुल के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होने के साथ ही वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

बढ़नपुरा पुल लंबे समय से क्षेत्र में आवागमन की बड़ी बाधा बना हुआ था। पुल संकरा होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी और कई बार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बसों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ता था। जाम में फंसने के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में परेशानी होती थी।

रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी अक्सर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता था। ट्रेन छूटने की आशंका के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती थी। वहीं, आपात स्थिति में एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीजों और उनके परिजनों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों के अनुसार संकरे पुल और यातायात के दबाव के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।

Advertisement

नए पुल की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद भांवरकोल सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को जाम, दुर्घटना और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page