गोरखपुर
घर पर मोबाइल और बाइक छोड़ रहस्यमय ढंग से लापता हुआ नामचीन आर्किटेक्ट
तीन दिन से सुनील शर्मा का पता नहीं, सीसीटीवी में बैग लेकर पैदल जाते दिखे; पुलिस तलाश में जुटी
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र की कृष्णा नगर प्राइवेट कॉलोनी निवासी शहर के चर्चित आर्किटेक्ट सुनील शर्मा (40) पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। परिजनों के मुताबिक वह घर से निकलते समय अपना मोबाइल फोन और बाइक दोनों घर पर ही छोड़ गए थे। ऐसे में उनकी लोकेशन का पता लगाने में पुलिस को परेशानी हो रही है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 29 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे सुनील शर्मा अपने 14 वर्षीय बेटे से यह कहकर घर से निकले थे कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। घटना के समय उनके पिता ज्ञानेंद्र शर्मा अपनी दुकान पर थे, जबकि उनकी पत्नी रक्षाबंधन के त्योहार के चलते मायके गई हुई थीं।
सीसीटीवी फुटेज में बैग लेकर जाते दिखे
सुनील के 24 घंटे तक वापस नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और शाहपुर पुलिस को सूचना दी। पिता ज्ञानेंद्र शर्मा की तहरीर पर 30 अगस्त को शाहपुर थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने तलाश के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक इलाके के कैमरे में सुनील शर्मा पीठ पर पिट्ठू बैग लटकाए पैदल जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनके जाने की दिशा और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
पहले भी घर से लापता हो चुके हैं
पुलिस की पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि सुनील शर्मा इससे पहले भी एक बार बिना बताए घर से लापता हो चुके हैं। हालांकि इस बार मोबाइल और बाइक घर पर छोड़कर उनके अचानक गायब होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध अन्य जानकारियों के आधार पर आर्किटेक्ट की तलाश में जुटी है। परिजनों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द सुनील शर्मा का पता लगाकर उन्हें परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।
