Connect with us

गाजीपुर

टॉप-21 मेधावी छात्रों की चार साल की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा विद्यालय प्रबंधन

Published

on

Loading...
Loading...

स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में स्कॉलरशिप प्रतियोगिता के मेधावियों का सम्मान, शिक्षण सामग्री और पुरस्कार किए गए वितरित

जखनियां (गाजीपुर)। ग्राम सभा अलीपुर मदरा स्थित स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज में मंगलवार को स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में आयोजित स्कॉलरशिप प्रतियोगिता के चयनित टॉप-21 मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का संकल्प दोहराया। मेधावियों को पुरस्कार और शिक्षण सामग्री देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राघवेंद्र प्रताप और उपजिलाधिकारी जखनियां अतुल कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद प्रतियोगिता में चयनित छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और आवश्यक शिक्षण सामग्री प्रदान की गई।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 16 अगस्त को स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में स्कॉलरशिप प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-21 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इन विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12 तक शिक्षण सामग्री, ड्रेस, साइकिल और विद्यालय शुल्क सहित आवश्यक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

Advertisement

‘प्रतिभा किसी मजबूरी के कारण शिक्षा से वंचित न हो’

विद्यालय प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई संसाधनों की कमी के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शिक्षा और समाज के प्रति उनके समर्पण की स्मृति को जीवंत रखने के लिए प्रतिभावान विद्यार्थियों के भविष्य को संवारना सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा और जनकल्याण से जुड़ी पहल जारी रखने की बात कही।

समारोह में विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह रहा। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा देते हैं।

Advertisement

इस अवसर पर राजेश तिवारी, मनोज सिंह, प्रधान अभय सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलानंद सिंह, मोहम्मद शाहिद, राधेश्याम यादव, मोनू सिंह, अजीत सिंह, रवि राय, दिनेश यादव, मिंटू गुप्ता, मिंटू सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद सिंह, झुन्ना, अनुराग सिंह, अजीत सिंह काली सहित शिक्षक, अभिभावक, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधक ने सभी अतिथियों और मेधावी विद्यार्थियों के प्रति आभार जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page