Connect with us

चन्दौली

लतीफशाह बीयर पर उफान, चार फीट ऊपर से बह रहा पानी

Published

on

Loading...
Loading...

कर्मनाशा नदी में तेज धार के साथ गिर रहा पानी, प्रशासन और पुलिस अलर्ट; निचले इलाकों में बढ़ा खतरा

चकिया (चंदौली)। पहाड़ी क्षेत्रों और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब लतीफशाह बीयर पर भी दिखाई देने लगा है। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण मंगलवार को बीयर के ऊपर से करीब चार फीट पानी तेज रफ्तार से बहता रहा। पानी की तेज धार कर्मनाशा नदी में गिर रही है। बीयर के उफनाने से आसपास के निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए संवेदनशील और निचले इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग के संतोष कुमार द्विवेदी, वंश नाथ सिंह संग्रह अमीन तथा पुलिस विभाग के नरसिंह बहादुर और रबी कुमार को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित कर्मचारी मौके पर सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कर्मनाशा नदी किनारे गांवों में बढ़ी सतर्कता

प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर कर्मनाशा नदी के आसपास स्थित गांवों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

बीयर से तेज गति से गिरते पानी के कारण कर्मनाशा नदी में भी बहाव तेज हो गया है। ऐसे में नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।

Advertisement

बीयर के पास जाने पर रोक

लतीफशाह बीयर पर बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षा के लिहाज से सख्त निर्देश जारी किए हैं। लोगों से बीयर और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को उफनते पानी के बीच सेल्फी लेने या वीडियो बनाने से भी मना किया गया है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पानी के तेज बहाव के बीच थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। कर्मनाशा नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जोखिम भरी गतिविधियों से पूरी तरह बचने को कहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page