गोरखपुर
कचहरी बस स्टैंड के दुकानदारों को बड़ी राहत, नहीं टूटेंगी 31 साल पुरानी दुकानें
सीएम ग्रिड फेज-2 के तहत 27 करोड़ की लागत से बन रही स्मार्ट सड़क, उपलब्ध चौड़ाई में ही होगा निर्माण
38 दुकानों को बचाने के साथ नाले का होगा सुदृढ़ीकरण, निर्माण में बाधक अन्य ढांचे होंगे शिफ्ट
गोरखपुर।कचहरी बस स्टैंड के पास वर्षों से दुकान चला रहे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। स्मार्ट सड़क निर्माण के लिए अब 31 साल पुरानी 38 दुकानों को नहीं तोड़ा जाएगा। सीएम ग्रिड फेज-2 के तहत करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित स्मार्ट सड़क का निर्माण उपलब्ध सड़क चौड़ाई यानी आरओडब्ल्यू के आधार पर ही किया जाएगा।
38 दुकानदारों को मिली राहत
स्मार्ट सड़क परियोजना के लिए पहले दुकानों को हटाए जाने की आशंका जताई जा रही थी। अब निर्माण एजेंसी और नगर निगम की व्यवस्था के अनुसार इन दुकानों को यथावत रखते हुए उपलब्ध चौड़ाई में सड़क निर्माण कराया जाएगा। इससे लंबे समय से दुकान संचालित कर रहे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है।
पुराने नाले को किया जाएगा मजबूत
सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। नगर निगम की ओर से दुकानों की तरफ बने पुराने नाले का सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। वहीं सड़क की दूसरी पटरी पर भी नया नाला बनाए जाने की योजना है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
निर्माण में बाधक ढांचे होंगे शिफ्ट
स्मार्ट सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए छात्रसंघ चौक से अंबेडकर चौक के बीच आने वाली सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज की दीवार तथा चटोरी गली के पास स्थित आरआरआर सेंटर को हटाने या शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्ट सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और जलनिकासी में सुधार की उम्मीद है। वहीं दुकानों को नहीं तोड़े जाने के फैसले से प्रभावित दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।
