Connect with us

वाराणसी

पुलिया बंद होने से किसान इंटर कॉलेज में भरा बारिश का पानी

Published

on

Loading...
Loading...

जलभराव से 1600 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित, विद्यालय प्रशासन ने डीएम से लगाई गुहार

मिर्जामुराद, वाराणसी। एनएचएआई की पुलिया बंद होने से किसान इंटर कॉलेज परिसर में बारिश का पानी भर गया है। जलभराव के कारण विद्यालय का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विद्यालय परिसर में आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। विद्यालय प्रशासन ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर बंद पुलिया को खुलवाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

पुलिया बंद होने से थमी पानी की निकासी

विद्यालय प्रशासन के अनुसार मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज जीटी रोड के किनारे संचालित एडेड विद्यालय है। यहां करीब 1600 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय के पूर्वी छोर पर खेल मैदान के किनारे एनएचएआई की पुलिया बनी हुई थी, जिसके माध्यम से बारिश का पानी विद्यालय परिसर से बाहर निकलता था। पुलिया बंद होने के बाद पानी की निकासी रुक गई और लगातार बारिश से विद्यालय परिसर में जलभराव हो गया।

शिक्षण कार्य पर पड़ रहा असर

विद्यालय परिसर में पानी भरने से छात्र-छात्राओं को कक्षाओं तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। वहीं शिक्षकों और कर्मचारियों के आवागमन में भी दिक्कतें पैदा हो गई हैं। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो शिक्षण कार्य और अधिक प्रभावित हो सकता है।

डीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग

प्रधानाचार्य डॉ. शिवराज मिश्रा और प्रबंधक सविता सिंह ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में पूरे मामले से अवगत कराया है। उन्होंने एनएचएआई की बंद पुलिया को तत्काल खुलवाने तथा बारिश के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। विद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुविधा और नियमित पठन-पाठन को देखते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page