गोरखपुर
कार की चपेट में आने से तीन लोग घायल, 18 वर्षीय युवती की मौत
गगहा, गोरखपुर। थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के समीप फोरलेन पर शुक्रवार की रात करीब आठ बजे अनियंत्रित बलेनो कार की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। हादसे में बघमऊआ निवासी रामजनक की 18 वर्षीय पुत्री नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बड़िहारी निवासी सचिन और टेमहा निवासी विकास घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गगहा में चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब आठ बजे नेहा अपने घर के सामने फोरलेन के किनारे विकास और सचिन के साथ टहल रही थी। इसी दौरान बड़हलगंज की ओर से कौड़ीराम की तरफ जा रही बलेनो कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने सड़क किनारे मौजूद तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार सड़क किनारे जाकर पलट गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को उठाकर गगहा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नेहा को मृत घोषित कर दिया। सचिन और विकास का उपचार शुरू किया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे में सड़क किनारे मौजूद पांच बकरियों की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बलेनो कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक को भी हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
बताया गया कि मृतका नेहा तीन बहनों में तीसरे नंबर पर थी। परिवार में एक भाई और एक बहन भी हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसएचओ राजकुमार सरोज ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बलेनो कार पुलिस के कब्जे में है और चालक हिरासत में है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
