वाराणसी
वाराणसी में खाकी पर गंभीर आरोप, खजुरी चौकी पुलिस पर वसूली और धमकी का आरोप
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की खजुरी पुलिस चौकी के प्रभारी चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों पर भ्रष्टाचार, कथित वसूली, जातिसूचक टिप्पणी और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
कल्लीपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार के मुताबिक उन्होंने मिर्जामुराद निवासी लखन प्रजापति को एक लाख 45 हजार रुपये में ऑटो बेचा था और 25 हजार रुपये बयाने के तौर पर मिले थे। ऑटो को लेकर विवाद के बाद दोनों पक्षों में 22 अगस्त को 13 हजार रुपये में समझौता हुआ।

आरोप है कि इसके बाद चौकी इंचार्ज गणेश पटेल के कहने पर सिपाही धर्मेंद्र कुमार और अतुल ने मामले को निपटाने के नाम पर पैसों की मांग की। सुरेन्द्र का दावा है कि 25 अगस्त को उनके घर पहुंचकर उनसे 10 हजार रुपये लिए गए और बाद में 6,800 रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप है।

पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि पैसे के इंतजाम के दौरान सिपाहियों ने विकास कुमार गोंड की दुकान पर पहुंचकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उसके मकान मालिक को फोन व व्हाट्सऐप पर धमकी दी।
पीड़ितों ने घटना से जुड़े वीडियो और व्हाट्सऐप चैट को साक्ष्य बताते हुए पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
