गाजीपुर
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ
गाजीपुर। महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ बुधवार को हुआ। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

रायफल क्लब सभागार में हुआ कार्यक्रम
गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान योजना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, विधायक जखनियां बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेंद्र राजभर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उपस्थित महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट की। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निरंतर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा महिला सम्मान, सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से बेटियों को पढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने की अपील की।

महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर
राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष ने भी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को विशेष सुविधा
रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे पर्व के दौरान महिलाओं को मायके और अन्य स्थानों तक आने-जाने में आर्थिक राहत मिली।
महिलाओं ने जिलाधिकारी को बांधी राखी
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने प्रशासन की जनहितकारी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इससे आमजन में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की और सरकार की इस पहल की सराहना की।
