Connect with us

गोरखपुर

ट्रक की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, चाचा गंभीर

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर, जयदेश। बांसगांव तहसील के रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात संविदाकर्मी कंप्यूटर ऑपरेटर घनश्याम प्रजापति के 14 वर्षीय भतीजे देव प्रजापति की रविवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घनश्याम प्रजापति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रक्षाबंधन पर बहन से मिलने जा रहा था देव

जानकारी के अनुसार, देव प्रजापति अपने चाचा घनश्याम प्रजापति के साथ बाइक से कुशीनगर स्थित अपनी बहन के घर रक्षाबंधन के अवसर पर मिलने जा रहे थे। इसी दौरान गौरीबाजार रेलवे ओवरब्रिज पर रुद्रपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौके पर मौत

टक्कर के बाद बाइक ट्रक की चपेट में आ गई और देव प्रजापति ट्रक के पहिए के नीचे आ गए। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण 14 वर्षीय देव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे उनके चाचा घनश्याम प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर हालत में देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल घनश्याम प्रजापति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया गया।

ट्रक कब्जे में, फरार चालक की तलाश में पुलिस

सूचना पर गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Advertisement

तहसील कर्मियों और अधिवक्ताओं ने जताया शोक

घनश्याम प्रजापति बांसगांव तहसील के रजिस्ट्रार कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। हादसे की खबर तहसील पहुंचते ही कर्मचारियों और अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उपजिलाधिकारी मलखान सिंह, तहसीलदार सुशील कुमार भारती, बार अध्यक्ष मकसूदन पांडेय, मंत्री विनय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विनय मिश्रा, रजिस्ट्रार कानूनगो अक्षयबर शुक्ला, राजस्व निरीक्षक आशीष शाही समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

बताया गया कि 14 वर्षीय देव अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। रक्षाबंधन के अवसर पर बहन से मिलने की खुशी में वह चाचा के साथ कुशीनगर जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page