Connect with us

गोरखपुर

पुण्यतिथि पर भावुक हुआ खजनी का डढ़वा चतुरपांडेपुरा, अमर शहीद जितेंद्र कुमार त्रिपाठी को नम आंखों से श्रद्धांजलि

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। खजनी क्षेत्र के मालहनपार स्थित डढ़वा चतुरपांडेपुरा गांव में अमर शहीद जितेंद्र कुमार त्रिपाठी की 25वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भावुक माहौल में मनाई गई। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से याद करते हुए शत-शत नमन किया।

सीआरपीएफ जवान ने किया माल्यार्पण

पुण्यतिथि के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान विजय कुमार मालवीय ने शहीद जितेंद्र कुमार त्रिपाठी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उपस्थित लोगों ने भी वीर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी शहादत और देशभक्ति को नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा में जुटे गणमान्य लोग

श्रद्धांजलि सभा में एडवोकेट विनोद कुमार पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार मिश्र, अर्धचंद्र धारी तिवारी, सोनू सिंह तथा शहीद के छोटे भाई सुनील कुमार त्रिपाठी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने वीर सपूत के बलिदान को याद करते हुए कहा कि शहीद भले ही हमारे बीच शारीरिक रूप से नहीं होते, लेकिन उनकी वीरता और देशभक्ति राष्ट्र की स्मृतियों में सदैव जीवित रहती है।

Advertisement

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं वीर शहीद

उपस्थित लोगों ने कहा कि जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। उनका सर्वोच्च बलिदान आज भी युवाओं के लिए देशसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा है।

शहीद की स्मृतियों को जीवंत रखने का संकल्प

पुण्यतिथि पर शहीद के छोटे भाई सुनील कुमार त्रिपाठी और अन्य परिजनों की आंखों में वीर सपूत की यादें ताजा हो गईं। क्षेत्रवासियों ने कहा कि जिस माटी ने जितेंद्र कुमार त्रिपाठी जैसे वीर सपूत को जन्म दिया, वह धन्य है।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि अमर शहीद जितेंद्र कुमार त्रिपाठी की शहादत, त्याग और देशभक्ति की गाथा को सदैव जीवंत रखा जाएगा तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page