गोरखपुर
ग्राम कोड़री में जन चौपाल, पुलिस अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़री में सोमवार को क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सीपी पाण्डेय और एसएसआई इन्द्रजीत कुशवाहा भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के निस्तारण का भरोसा दिलाया।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद पर जोर
क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखने की अपील की, ताकि समय रहते उनका समाधान कराया जा सके।
महिला सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
क्षेत्राधिकारी ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं और युवतियों को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
साइबर अपराध से बचने की दी सलाह
जन चौपाल में लोगों को साइबर अपराध के प्रति भी सतर्क किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अनजान फोन कॉल, लिंक या संदेश के झांसे में न आएं और बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। नई उम्र के लड़के-लड़कियों को साइबर अपराध, नशे और अन्य अपराधों से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया गया।
बिजली समस्याओं के समाधान का भरोसा
चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित जेई से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए कहा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
