Connect with us

गोरखपुर

जुबली इंटर कॉलेज के गेट पर छात्रों के दो गुटों में मारपीट और चाकूबाजी, छह घायल

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। बक्शीपुर स्थित जुबली इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर सोमवार दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट और चाकूबाजी से अफरा-तफरी मच गई। घटना में कुल छह छात्र घायल हो गए, जिनमें चार को चाकू लगने की बात सामने आई है, जबकि दो अन्य को मारपीट में चोटें आई हैं। सभी घायल छात्रों को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

छुट्टी के बाद गेट पर भिड़े छात्र

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र परिसर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद दूसरे गुट के छात्रों के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और कथित तौर पर चाकू भी चलने लगे। स्कूल गेट पर अचानक हुई घटना से छात्रों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

पुरानी रंजिश और बाहरी छात्रों को बुलाने का आरोप

घायल छात्रों ने आरोप लगाया कि सातवीं कक्षा के छात्र प्रथम सोनकर के साथ पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसके बाद कुछ बाहरी छात्रों को बुलाया गया और करीब 15 से 20 युवकों के समूह ने हमला कर दिया। मारपीट और चाकूबाजी में नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्र भी घायल हुए।

घायलों में प्रथम सोनकर के अलावा अक्षत सिंह, प्रिंस प्रजापति, ऋषिकेश, विशेष और एक अन्य छात्र के घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्कूल प्रशासन ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन और शिक्षक मौके पर पहुंचे। घायल छात्रों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया और उनके परिजनों को भी सूचना दी गई। जुबली इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल विश्वजीत प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर शिक्षकों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी गई।

Advertisement

उन्होंने कहा कि घटना स्कूल परिसर के अंदर की नहीं है, लेकिन यदि स्कूल प्रशासन को कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पांच छात्र हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के स्कूली छात्रों के बीच मारपीट हुई है। दोनों पक्षों के छात्रों को चोटें आई हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल पांच छात्रों को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मारपीट और चाकूबाजी की पूरी घटना तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट की जा सके।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page