Connect with us

चन्दौली

सकलडीहा में बारिश का कहर: कच्चा मकान ढहा, मजदूर का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर

Published

on

Loading...
Loading...

सकलडीहा (चन्दौली)। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के राजस्व गांव नोनार तुलसी आश्रम में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार पर कहर बरपा दिया। बीती रात तेज बारिश के दौरान गांव निवासी त्रिभुवन राम का मिट्टी से बना कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के भीतर रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

घर-गृहस्थी का सामान मलबे में दबा

मकान गिरने से बर्तन, गेहूं, चावल समेत परिवार के दैनिक उपयोग का सामान मलबे में दब गया। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य मकान के बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार

मकान ढहने के बाद त्रिभुवन राम और उनका परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। घर में रखा खाद्यान्न और जरूरी सामान नष्ट हो जाने के कारण परिवार के सामने दो वक्त के भोजन की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। त्रिभुवन राम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और मकान गिरने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

प्रशासन से सहायता और मुआवजे की मांग

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल रहने की व्यवस्था, आर्थिक सहायता और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि बारिश के बीच सिर पर छत नहीं होने से महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में सकलडीहा उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह से सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page