गोरखपुर
नवागत बीडीओ सुप्रिया का ग्राम प्रधानों ने किया स्वागत, विकास कार्यों में पारदर्शिता पर जोर
खजनी, गोरखपुर। विकास खंड खजनी में नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुप्रिया के कार्यभार संभालने के बाद ग्राम प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानों की ओर से बीडीओ सुप्रिया को भगवान राम दरबार की प्रतिमा प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया गया।
ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों पर हुई चर्चा
स्वागत कार्यक्रम के बाद आयोजित बैठक में ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम प्रधानों ने विकास खंड क्षेत्र में लंबित और आवश्यक कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूनम देवी, झिंनकान बेलदार, सतेंद्र सिंह, सतेंद्र कन्नौजिया, सोनू सिंह, गुलाब सिंह और ध्रुव सिंह समेत कई ग्राम प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नवागत बीडीओ से विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
चार माह के लिए प्रशासक की जिम्मेदारी निभा रहे प्रधान
बैठक के दौरान बीडीओ सुप्रिया ने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम प्रधान चार माह के लिए प्रशासक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में सभी को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य नियमानुसार कराए जाएंगे और किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी या शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
गुणवत्ता और पारदर्शिता होगी प्राथमिकता
बीडीओ ने प्रधानों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों से संबंधित किसी भी समस्या पर संबंधित अधिकारियों से संवाद किया जा सकता है। प्रशासन की प्राथमिकता ग्राम पंचायतों में जनहित के कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर गांवों की समस्याओं को सामने रखने की अपील की, ताकि उनका समय रहते समाधान कराया जा सके। बैठक में मौजूद प्रधानों ने भी विकास कार्यों से संबंधित अपनी बातें रखीं और प्रशासन के साथ सहयोग एवं समन्वय बनाकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
