गाजीपुर
जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी जूडो प्रतियोगिता में पांच खिलाड़ियों का मंडल स्तर के लिए चयन
बहरियाबाद (गाजीपुर)। माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन केदार नारायण कृषक इंटर कॉलेज, उचौरी के संयोजन में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर के प्रांगण में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच खिलाड़ियों ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
पांच खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
रामकरण इंटर कॉलेज, इशोपुर के साहिल यादव ने अंडर-19 के 60 किलोग्राम भार वर्ग में सफलता हासिल की। इसी विद्यालय के विनय चौहान ने अंडर-17 के 51 किलोग्राम, आर्यन यादव ने अंडर-17 के 55 किलोग्राम और कार्तिक विश्वकर्मा ने अंडर-14 के 43 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन सुनिश्चित किया। वहीं शहीद स्मारक इंटर कॉलेज, नंदगंज के सुशील कुमार ने अंडर-17 के 45 किलोग्राम भार वर्ग में सफलता प्राप्त की।

फीता काटकर हुआ प्रतियोगिता का उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन केदार नारायण कृषक इंटर कॉलेज, उचौरी के उप प्रधानाचार्य अमरेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को जूडो की तकनीक, अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह और संघर्ष के साथ मुकाबले खेले।
इस अवसर पर अखिलेश यादव, रामआशीष यादव (जूडो कोच), राजेश यादव, रुद्रपाल यादव, गौरव सिंह, अच्छेलाल पाल, बृजेश यादव और अजय यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
चयनित खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
अंत में आयोजक एवं प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह तथा गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर निर्णायक मंडल, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
