Connect with us

गाजीपुर

फर्जी लेटर पैड और हस्ताक्षर के आरोप से गरमाई जमानिया की सियासत

Published

on

Loading...
Loading...

एमएलसी प्रतिनिधि ने दी तहरीर, मुकदमे के बाद नगर पालिका अध्यक्ष धरने पर बैठे

जमानिया (गाजीपुर)। आदर्श नगर पालिका जमानिया में पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना के तहत करोड़ों रुपये की धनराशि से जुड़े मामले में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल के नाम से कथित फर्जी लेटर पैड और हस्ताक्षर के इस्तेमाल का आरोप सामने आया है। एमएलसी के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक ने जमानिया थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि एमएलसी के नाम से फर्जी लेटर पैड तैयार कर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और उनके सहयोगियों ने कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर किए। आरोप है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल सरकारी योजना के तहत धनराशि हासिल करने के लिए किया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुकदमे के बाद धरने पर बैठे चेयरमैन

मामला दर्ज होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता शनिवार को रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें लगातार फर्जी मुकदमों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement

मीडिया से बातचीत में चेयरमैन ने दावा किया कि उनके खिलाफ मुकदमा एमएलसी विशाल सिंह चंचल के इशारे पर कराया गया है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य नगर के विकास के लिए काम करना है।

3.77 करोड़ के प्रस्ताव का किया दावा

पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना से जुड़े 408.68 लाख रुपये के आरोपों पर चेयरमैन ने कहा कि उनके पास इसी योजना के तहत 3 करोड़ 77 लाख 55 हजार रुपये का प्रस्ताव आया था। उनका दावा है कि उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया, क्योंकि उनके अनुसार यह ऋण की धनराशि थी।

जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि नगर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और इसी कारण कुछ लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा और वह अपनी बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

फिलहाल एमएलसी प्रतिनिधि की तहरीर पर दर्ज मुकदमे की पुलिस जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षर संबंधी आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page