चन्दौली
जन्मदिन पर प्रधानाध्यापक ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, लगाए 11 पौधे
संजय यादव ने मंदिर और विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण, बच्चों को पेड़ों की उपयोगिता के प्रति किया जागरूक
पीडीडीयू नगर। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुरैनी विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय यादव ने अपना जन्मदिन पौधरोपण कर मनाया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर और विद्यालय परिसर में 11 पौधे लगाए और बच्चों को प्रकृति संरक्षण का संकल्प दिलाया।
प्रधानाध्यापक संजय यादव ने कहा कि जीवन के हर खुशी के अवसर पर यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे हमें फल, लकड़ी के साथ-साथ जीवन के लिए जरूरी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं।
उन्होंने बच्चों को समझाते हुए कहा कि भोजन और पानी के बिना मनुष्य कुछ समय तक जीवित रह सकता है, लेकिन हवा के बिना जीवन संभव नहीं है। ऑक्सीजन ही प्राणवायु है और इसका मुख्य स्रोत पेड़-पौधे हैं।
उन्होंने कहा कि वृक्ष मृदा क्षरण रोकने, वर्षा कराने, तापमान कम करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि इस मौसम में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी सुरक्षा का संकल्प लें।
इस अवसर पर मनोरमा मौर्य, निधि त्रिपाठी, अनीता यादव, मधुबाला, आशा सहित विद्यालय के अन्य लोग उपस्थित रहे।
