बलिया
घाघरा का बढ़ता कहर, कटान प्रभावित क्षेत्रों में डीएम का दौरा
चांदपुर, महाराजपुर और भोजपुरवा में बचाव कार्य तेज करने के निर्देश, राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन
जिओट्यूब लगाने, नया स्कूल व पानी की टंकी निर्माण सहित सुरक्षित स्थानों पर विस्थापन की तैयारी
बलिया। घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को तहसील बांसडीह के चांदपुर, महाराजपुर तथा विकास खंड मनियर के भोजपुरवा गांव का औचक निरीक्षण कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाराजपुर गांव को हर हाल में सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए नदी की धारा मोड़ने के लिए तत्काल जिओट्यूब लगाने के निर्देश दिए। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने बताया कि कटान रोकने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से 17 कटर लगाए गए हैं। अधिकारियों ने आगामी दिनों में नदी का जलस्तर दो मीटर तक बढ़ने की संभावना जताई, जिस पर डीएम ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह भी मौजूद रहीं। भोजपुरवा गांव में वर्ष 2002 में नदी में समाहित हो चुके पूर्व माध्यमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के स्थान पर नया विद्यालय बनवाने का आश्वासन दिया गया। वर्तमान में विद्यालय पंचायत भवन से संचालित हो रहा है। इसके साथ ही 25 वर्ष पुरानी जलापूर्ति टंकी के स्थान पर नई पानी की टंकी के निर्माण तथा प्रभावित क्षेत्र में सोलर लाइट, त्रिपाल, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने नदी से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बसे परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटान प्रभावित क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर स्थिति का बारीकी से आकलन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
