Connect with us

गाजीपुर

संचारी रोग नियंत्रण अभियान, घर-घर पहुंचकर लोगों को किया जा रहा जागरूक

Published

on

Loading...
Loading...

आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व डायरिया से बचाव के लिए दे रही हैं जरूरी जानकारी**

बहरियाबाद (गाजीपुर)। बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से बहरियाबाद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी गांवों में उत्तर प्रदेश सरकार के संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं।

अभियान में सरवरी खातून, हसीना खातून, नासिरा खातून, मीरा, सुषमा, तारा, राजमति सहित अन्य आशा कार्यकर्त्रियां ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार और डायरिया जैसी बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दे रही हैं। साथ ही बुखार से पीड़ित मरीजों, कुपोषित बच्चों तथा संक्रामक रोगों के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सलाह भी दी जा रही है।

अभियान के तहत गांवों में जलभराव रोकने, नालियों की सफाई कराने, मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा क्लोरीन की गोलियों का वितरण कर लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है, ताकि दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों जैसे डायरिया और टाइफाइड पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूलों एवं सामुदायिक स्तर पर भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है। लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने तथा रात में मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।

Advertisement

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी-दस्त या अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच और उपचार कराएं। विभाग ने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और इलाज की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page