गाजीपुर
पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए निशुल्क ‘ओ’ लेवल और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण
अब 20 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, इंटर पास बेरोजगार अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ
चयन 12वीं के अंकों के आधार पर होगा, हार्डकॉपी भी 20 जुलाई शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी
गाजीपुर। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए संचालित निशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऐसे अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिन्होंने इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण किया हो, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम हो तथा उनकी आयु 35 वर्ष से अधिक न हो। आवेदक जनपद का मूल निवासी, बेरोजगार तथा किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो।
प्रशिक्षणार्थियों का चयन इंटरमीडिएट परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी www.obccomputertraining.upsdc.gov.in अथवा backwardwelfareup.in पर 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी प्रिंट प्रति के साथ आय एवं जाति प्रमाण पत्र (जो बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की वेबसाइट पर उपलब्ध हो), हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रतियां दो सेट में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर कार्यालय में 20 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में दर्ज सभी सूचनाओं की शुद्धता की जिम्मेदारी स्वयं आवेदक की होगी। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।
