गाजीपुर
औद्योगिक भूखंडों व शेडों का होगा ई-ऑक्शन, 15 जुलाई तक करें पंजीकरण
जेम पोर्टल के माध्यम से होगा आवंटन, 4 और 5 अगस्त को आयोजित होगी ऑनलाइन नीलामी
उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारियों से अधिकाधिक आवेदन करने की अपील
गाजीपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त उद्योग लोकेन्द्र कुमार ने जनपद के उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारियों को सूचित किया है कि राजकीय एवं मिनी औद्योगिक आस्थानों में रिक्त भूखंडों एवं शेडों का आवंटन जेम (GeM) पोर्टल पर फॉरवर्ड ई-ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कानपुर के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजीपुर के औद्योगिक आस्थानों में रिक्त भूखंडों एवं शेडों के आवंटन के लिए जेम बिड संख्या-36288 जारी की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंजीकरण 7 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी 14 जुलाई से 20 जुलाई, 10 प्रतिशत ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) जमा करने की अवधि 21 जुलाई से 29 जुलाई, जबकि ईएमडी की स्क्रूटनी 30 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक होगी।
ई-नीलामी 4 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होकर 5 अगस्त 2026 को अपराह्न 2 बजे तक संचालित की जाएगी।
उपायुक्त उद्योग ने जनपद के उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने-अपने संगठनों के माध्यम से इस प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक पात्र आवेदकों को जेम पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि औद्योगिक भूखंडों और शेडों का पारदर्शी एवं प्रभावी आवंटन सुनिश्चित किया जा सके।
