गाजीपुर
सभी ब्लॉकों में लगेगा रोजगार शिविर, एसआईएस इंडिया करेगी सुरक्षा कर्मियों की भर्ती
16 जुलाई से 4 अगस्त तक होगा साक्षात्कार, हाईस्कूल व इंटर पास युवाओं को मिलेगा अवसर
चयनित अभ्यर्थियों को जौनपुर में प्रशिक्षण के बाद देशभर में मिलेगी तैनाती
गाजीपुर। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसआईएस इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में सभी विकास खंड मुख्यालयों पर तिथिवार भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपजिलाधिकारी सदर ने बताया कि यह भर्ती भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत पसारा एक्ट-2005 के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित शिविर में शामिल हो सकते हैं।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार सदर एवं विरनो ब्लॉक में 16 व 17 जुलाई, करंडा एवं मरदह में 18 व 20 जुलाई, बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद में 21 व 22 जुलाई, भांवरकोल एवं जमानियां में 23 व 24 जुलाई, देवकली एवं रेवतीपुर में 25 व 26 जुलाई, कासिमाबाद एवं सैदपुर में 27 व 28 जुलाई तथा मनिहारी एवं जखनियां में 3 व 4 अगस्त 2026 को भर्ती शिविर लगाए जाएंगे।
ग्रुप कमांडर रजनीश कुमार राय एवं भर्ती अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड एक बहुराष्ट्रीय सुरक्षा सेवा कंपनी है। चयनित अभ्यर्थियों को एनडीआरएफ के सहयोग से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। भर्ती के माध्यम से सुरक्षा सैनिक, सुरक्षा सुपरवाइजर और जीटीओ/ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा सैनिक पद के लिए अभ्यर्थी का हाईस्कूल उत्तीर्ण, आयु 19 से 40 वर्ष, लंबाई 167.5 सेंटीमीटर, सीना 80-85 सेंटीमीटर तथा वजन 56 से 90 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। वहीं सुपरवाइजर पद के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण, लंबाई 170 सेंटीमीटर तथा आयु 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों का 350 रुपये पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए जौनपुर भेजा जाएगा। एक माह के प्रशिक्षण के उपरांत अभ्यर्थियों की स्थायी तैनाती वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या, दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, बेंगलुरु, नोएडा, गुरुग्राम सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों, होटलों, अस्पतालों, मेट्रो और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर की जाएगी।
कंपनी के अनुसार चयनित कर्मचारियों को पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, बीमा तथा अन्य निर्धारित सेवा सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। प्रशासन ने इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती शिविर में पहुंचकर साक्षात्कार में भाग लेने की अपील की है।
