गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चला विशेष जागरूकता अभियान
बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने की सघन चेकिंग

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर लोगों को किया गया जागरूक
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत गुरुवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही आमजन से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की गई।

इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने भी सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की तथा शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
