Connect with us

मिर्ज़ापुर

विंध्य धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां विंध्यवासिनी के दर्शन को पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु

Published

on

Loading...
Loading...

विंध्य कॉरिडोर और विकास कार्यों से बदली तस्वीर, श्रद्धालुओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं

सड़क चौड़ीकरण, परिक्रमा पथ और गंगा घाट निर्माण से धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई रफ्तार

विंध्याचल (मीरजापुर)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से लेकर देर रात तक मां के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विंध्य धाम पहुंचकर मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विंध्य धाम में चल रहे विकास कार्यों का सकारात्मक असर अब साफ दिखाई देने लगा है। विंध्य कॉरिडोर परियोजना, परिक्रमा पथ निर्माण और अन्य सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं के आवागमन में काफी सुधार हुआ है।

विंध्य धाम क्षेत्र में थाना कोतवाली रोड, न्यू बीआईपी रोड, पुरानी बीआईपी रोड और पक्का घाट रोड के चौड़ीकरण से दर्शनार्थियों को काफी सुविधा मिली है। बेहतर यातायात व्यवस्था और सुगम मार्ग के कारण मां के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Advertisement

स्थानीय निवासी तरुण पाण्डेय, आलोक बरनवाल, गुल्लू यादव और रितिक उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में करीब 600 मीटर लंबे आधुनिक गंगा घाट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा त्रिकोण मार्ग को जोड़ने वाली सड़क, काली खोह मंदिर और अष्टभुजा मंदिर के विकास एवं नव निर्माण कार्य भी विंध्य क्षेत्र की धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं को नई पहचान देंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास परियोजनाओं के पूरा होने के बाद विंध्य धाम में वर्षभर नवरात्र जैसा धार्मिक माहौल देखने को मिल सकता है। इससे श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ ही स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

होटल, धर्मशाला, प्रसाद विक्रेता, दुकानदार, वाहन संचालक और अन्य स्थानीय व्यवसायियों को भी इन विकास कार्यों से आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। तेजी से बदल रहा विंध्य धाम अब देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page