Connect with us

मिर्ज़ापुर

नाली साफ करते समय अर्थिंग तार में उतरे करंट से वृद्ध की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

अदलहाट के सोनई गांव में हादसा, इलाज के दौरान 64 वर्षीय रामवृक्ष पटेल ने तोड़ा दम

खेती और बनारसी साड़ी बुनाई कर परिवार चलाते थे मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

अदलहाट (मिर्ज़ापुर)। थाना क्षेत्र के सोनई गांव में गुरुवार को विद्युत करंट की चपेट में आने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने घर के सामने नाली की सफाई कर रहे थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सोनई गांव निवासी 64 वर्षीय रामवृक्ष पटेल पुत्र स्व. चुन्नी लाल पटेल अपने घर के सामने पानी निकासी के लिए बनी नाली की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी द्वारा नाली में लगाए गए अर्थिंग तार में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजन और आसपास के लोग तत्काल उन्हें इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

Advertisement

मृतक खेती के साथ-साथ बनारसी साड़ी की बुनाई कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके बड़े पुत्र प्रदीप सिंह प्लंबर का कार्य करते हैं, जबकि छोटे पुत्र संदीप इंटरमीडिएट के छात्र हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी प्रभावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक हंस लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ ने बताया कि प्रथम दृष्टया अर्थिंग तार में उतरे करंट की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page