भदोही
जोरई मिनी औद्योगिक आस्थान के भूखंडों का आवंटन अब ई-ऑक्शन से
जेम पोर्टल पर शुरू हुई ऑनलाइन प्रक्रिया, 4 अगस्त को होगी ई-नीलामी
15 जुलाई तक पंजीकरण, निवेशकों और उद्यमियों से समय पर आवेदन की अपील
भदोही। जनपद के उद्यमियों और निवेशकों के लिए राहत भरी खबर है। उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मिनी औद्योगिक आस्थान, जोरई (ज्ञानपुर) के रिक्त औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी तरीके से जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से ई-ऑक्शन द्वारा की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज दयाशंकर सरोज ने बताया कि मिनी औद्योगिक आस्थान, जोरई के रिक्त भूखंडों के आवंटन के लिए जेम बिड संख्या-36288 जारी कर दी गई है। इच्छुक उद्यमी एवं निवेशक निर्धारित समयावधि के भीतर जेम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ई-ऑक्शन की समय-सारिणी के अनुसार 3 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी 14 से 20 जुलाई तक होगी। पात्र आवेदकों को 21 से 29 जुलाई के बीच निर्धारित राशि का 10 प्रतिशत अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा करना होगा, जिसकी जांच 30 जुलाई से 3 अगस्त तक की जाएगी।
इसके बाद 4 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन ई-ऑक्शन आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से रिक्त औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज ने सभी इच्छुक निवेशकों एवं उद्यमियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जेम पोर्टल पर बिड संख्या-36288 के माध्यम से आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे औद्योगिक भूखंड आवंटन की प्रक्रिया में भाग ले सकें।
उन्होंने बताया कि ई-ऑक्शन प्रक्रिया या आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यदिवसों में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, ज्ञानपुर (भदोही) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
