जौनपुर
जौनपुर जीआरपी ने 19 लाख के 88 गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए
विशेष अभियान में सर्विलांस की मदद से मिली सफलता, मोबाइल पाकर खिले यात्रियों के चेहरे
जीआरपी ने यात्रियों से की अपील— मोबाइल गुम होने पर तुरंत दर्ज कराएं सूचना
जौनपुर। रेलवे यात्रियों के गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में जौनपुर जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिदेशक रेलवे, लखनऊ के निर्देश पर जीआरपी जौनपुर ने 88 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई गई है।
जीआरपी थाना जौनपुर के थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस और तकनीकी सहायता के जरिए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद जौनपुर सहित अन्य जनपदों से आए मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल मिलने पर लोगों ने जीआरपी की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनके खोए सामान की बरामदगी जीआरपी की प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक और सर्विलांस की मदद से लगातार गुम हुए मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित जीआरपी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस अभियान में जीआरपी जौनपुर और प्रयागराज की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा, हरिकेश, शिवपूजन यादव, बृजेश कुमार, राधा मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल रामप्रवेश कुमार, मनीष कश्यप तथा महिला आरक्षी किरण लता शामिल रहीं।
जीआरपी की इस सफलता से यात्रियों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है तथा गुम मोबाइलों की बरामदगी के क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
