जौनपुर
अलम-ए-नौचंदी जुलूस की तैयारियों को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
जुलूस मार्ग पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती का भी अनुरोध
जौनपुर। आगामी 16 जुलाई को निकलने वाले अलम-ए-नौचंदी जुलूस-ए-अमारी की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
कमेटी के अध्यक्ष हाजी सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी करबलाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जुलूस इमामबाड़ा मीर बहादुर अली, दालान बाजार, भुआ और पुरानी बाजार सहित निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं पहले से पूरी कराई जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने जुलूस मार्ग पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा झूलते और लटके विद्युत तारों को दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में सैय्यद शहेनशाह हुसैन एडवोकेट, इसरार हुसैन एडवोकेट, रजा मेहदी एडवोकेट, नेयाज ताहिर (शेखू) एडवोकेट, नासिर अब्बास एडवोकेट, अली रजा एडवोकेट, सकलेन रिजवी एडवोकेट और मनोज चौधरी एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
