आजमगढ़
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, विनोद राय बोले— उनके आदर्श आज भी हैं प्रासंगिक
आजमगढ़ के जहानागंज स्थित स्मारक ट्रस्ट में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी और जनसेवा के लिए चंद्रशेखर को किया याद
आजमगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रखर समाजवादी नेता चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर जहानागंज स्थित श्री चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट में श्रद्धांजलि सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्य अतिथि भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि चंद्रशेखर भारतीय राजनीति के ऐसे जननायक थे, जिन्होंने हमेशा देशहित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी और स्पष्टवादिता आज भी युवाओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनका व्यक्तित्व भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जहानागंज रमेश कनौजिया, ब्लॉक प्रमुख सठियाव अरविंद कुमार सिंह, ऋषु सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने चंद्रशेखर के राजनीतिक जीवन, सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, ईमानदारी, सादगी और जनसेवा का प्रतीक था। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता रही।
