Connect with us

मिर्ज़ापुर

रील बनाने से रोकने पर गंगा नहर में कूदी किशोरी का शव तीसरे दिन बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

मीरजापुर से लापता 14 वर्षीय किशोरी का शव चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में मिला, पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई

मीरजापुर। जमालपुर क्षेत्र में रील बनाने से मां द्वारा मना किए जाने के बाद कथित रूप से गंगा नहर में छलांग लगाने वाली 14 वर्षीय किशोरी का शव घटना के तीसरे दिन बुधवार सुबह बरामद हुआ। शव चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोधना नई बस्ती के पास गंगा नहर में उतराता मिला।

पुलिस के अनुसार, चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा गांव निवासी सरिता अपनी पुत्री खुशबू के साथ अदलहाट थाना क्षेत्र के कौवासाथ गांव स्थित अपने मायके आई थीं। बताया गया कि छह जुलाई की शाम खुशबू मोबाइल फोन से रील बना रही थी। इसी दौरान मां ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद वह घर से निकल गई और सरैया मठना गांव के पास गंगा नहर में छलांग लगाने की आशंका जताई गई।

घटना की सूचना मिलने पर जमालपुर और अदलहाट थाना पुलिस ने एनडीआरएफ टीम के साथ देर रात तक नहर में तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अगले दिन भी खोजबीन जारी रही।

बुधवार सुबह चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में गंगा नहर से किशोरी का शव बरामद होने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई। मृतका के पिता लवकुमार टेंपो चालक हैं। परिवार में उसका एक भाई रवि भी है।

Advertisement

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि किशोरी का शव अलीनगर क्षेत्र में गंगा नहर से बरामद हुआ है। शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page