Connect with us

मिर्ज़ापुर

मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

Published

on

Loading...
Loading...

विंध्य कॉरिडोर का किया निरीक्षण, 15 जुलाई तक नई परियोजनाओं को मंजूरी और 15 अगस्त तक धनराशि जारी करने के दिए निर्देश

बच्चों को चॉकलेट बांटी, विंध्य ब्रांड उत्पादों का अवलोकन किया, मिर्जापुर-विंध्य नगरी की सड़कें स्मार्ट और स्वच्छ बनाने पर दिया जोर

मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने मिर्जापुर दौरे के दौरान मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण किया, श्रद्धालुओं से संवाद किया तथा वहां मौजूद बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने विंध्य पौध प्रसादम स्टॉल पर श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ‘विंध्य ब्रांड’ उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनकी जानकारी ली।

इसके बाद अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जनपदों में लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित नए विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नए प्रस्ताव 15 जुलाई तक शासन को भेजे जाएं, ताकि उनकी स्वीकृति देकर 15 अगस्त तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि जारी की जा सके।

Advertisement

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मिर्जापुर नगर, विंध्य धाम, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले सभी मार्गों को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट रोड की तर्ज पर विकसित किया जाए। उन्होंने रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे मंत्रालय से समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मिर्जापुर क्षेत्र की छह प्रमुख सड़क परियोजनाओं के निर्माण एवं चौड़ीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपा। इसके अलावा मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र के विधायकों ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े सड़क, पुल, बाईपास और अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विंध्य नगरी के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल, बृजेश सिंह, संजीव गौड़, सांसद डॉ. विनोद बिंद, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा, अपना दल (एस) एवं निषाद पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page