बलिया
जननायक चंद्रशेखर की 19वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
सर्वधर्म प्रार्थना सभा में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दी श्रद्धांजलि, जन्मशताब्दी वर्ष में याद किए गए जननायक के आदर्श
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री एवं जननायक चंद्रशेखर की 19वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को बलिया स्थित चंद्रशेखर उद्यान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शेखर फाउंडेशन एवं चंद्रशेखर विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ जननायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जननायक चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उनके जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस सभा में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चंद्रशेखर का राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण भारतीय राजनीति के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि जननायक ने सत्ता से अधिक सिद्धांतों को महत्व दिया और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।
चंद्रशेखर विचार मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि जननायक के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मनोज सिंह, उत्कर्ष सिंह, पूर्व चेयरमैन श्याम बहादुर सिंह, उमाशंकर पाठक, दिनेश सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
