बलिया
विद्यालय परिसर में घुसकर अध्यापिका से मंगलसूत्र लूटा, बदमाश फरार
एडमिशन पूछने के बहाने पहुंचे थे आरोपी, घटना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
सर्विलांस और एसओजी टीम को लगाया गया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
भीमपुरा (बलिया)। थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह विद्यालय परिसर में घुसकर दो अज्ञात बदमाशों ने एक सहायक अध्यापिका के गले से मंगलसूत्र और चेन छीन लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश में सर्विलांस व एसओजी टीम को लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इब्राहिम टोला टंडवा निवासी अनुपमा सिंह पत्नी शत्रुघ्न सिंह, भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे वह विद्यालय पहुंचकर अपनी कक्षा में गई थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक विद्यालय परिसर में पहुंचे और बच्चों के एडमिशन से संबंधित जानकारी लेने लगे।
इसी दौरान मौका पाकर दोनों बदमाशों ने अध्यापिका के गले से मंगलसूत्र और चेन छीन लिया और फरार हो गए। घटना से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही भीमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र की ओर भागने की जानकारी सामने आई है।
क्षेत्राधिकारी ने घटना का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से बदमाशों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
