बलिया
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में निकला जुलूस, हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ समापन
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगाए आरोप, कहा- आस्था से जुड़े मामले में हो निष्पक्ष कार्रवाई
बलिया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बलिया ने राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे की कथित चोरी के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पूर्व विधायक सुधीर राय ने कहा कि चढ़ावे से जुड़े मामले में कार्रवाई न होना जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की जांच की मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यालय से निकला जुलूस, मंदिर में किया हनुमान चालीसा पाठ
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में चित्तू पांडेय चौराहा, स्टेशन रोड, चौक, गुदरी बाजार और सिनेमा रोड होते हुए बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रदर्शन का समापन किया गया।
इस मौके पर ओमप्रकाश तिवारी, जैनेंद्र पांडेय, पुनीत पाठक, संतोष चौबे, अनुपमा सिंह, अबुल फैज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
