Connect with us

गाजीपुर

सौरम मोड़ से सबुआ-सुआपुर मार्ग बदहाल

Published

on

Loading...
Loading...

गड्ढों में तब्दील सड़क से राहगीर और छात्र परेशान

बरसात में गड्ढों में भर रहा पानी, दुर्घटना का खतरा बढ़ा; ग्रामीणों ने मरम्मत की उठाई मांग

नंदगंज (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सौरम मोड़ से सबुआ-सुआपुर मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने छोटे-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।

यह मार्ग मुड़कटनी, सौरम, सबुआ समेत आसपास के कई गांवों को नंदगंज बाजार से जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे स्टेशन, बैंक, डाकघर, अस्पताल, खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी सड़क से आवागमन करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को समय अधिक लगने के साथ वाहनों के खराब होने की समस्या भी झेलनी पड़ रही है।

इसी मार्ग पर राजकीय पशु चिकित्सालय, अमर शेषनाथ इंडेन सर्विस कार्यालय, पांच बड़े हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय तथा कई महाविद्यालय संचालित हैं। विद्यालय और महाविद्यालय खुलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पैदल, साइकिल और स्कूल वाहनों से इसी रास्ते से गुजर रहे हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई छात्र गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में आवागमन और मुश्किल हो जाएगा और किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page