गाजीपुर
गाजीपुर में ‘ग्रो सेफ फूड अभियान 2.0’ के तहत किसानों को सुरक्षित कीटनाशी प्रयोग की दी गई जानकारी
कृषि अधिकारियों ने कहा- पंजीकृत विक्रेता से ही खरीदें दवा, लेबल के निर्देशों का करें पालन
गाजीपुर। कृषि विभाग की ओर से कृषि भवन सभागार में ‘ग्रो सेफ फूड अभियान 2.0’ के तहत किसानों, कीटनाशी विक्रेताओं, निर्माताओं और तकनीकी कार्मिकों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सुरक्षित एवं संतुलित कीटनाशी प्रयोग के संबंध में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने कहा कि अनाज वाली फसलों में कीटनाशकों का अवशेषी प्रभाव न्यूनतम होना चाहिए। वहीं सब्जियों और फलों में फसल चक्र छोटा होने के कारण कीटनाशकों के प्रयोग में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है, क्योंकि अधिक अवशेष मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि अमानक, अपंजीकृत और नकली कीटनाशकों से बचने के लिए हमेशा पंजीकृत विक्रेताओं से ही दवा खरीदें। कीटनाशक खरीदते समय बिल अवश्य लें और लेबल व लीफलेट पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही प्रयोग करें।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि फसल के अनुसार उन्हीं कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जाए, जिनकी संस्तुति कृषि विभाग द्वारा की गई हो। उन्होंने कीटनाशी प्रयोग के दौरान मास्क और दस्ताने पहनने, प्रयोग के बाद हाथों की अच्छी तरह सफाई करने तथा रसायनों के अवशेषों का उचित निस्तारण करने की अपील की।
कार्यशाला में किसानों को एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) और जैविक खादों के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर तक शुद्ध, सुरक्षित और पौष्टिक अनाज, फल एवं सब्जियां पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला कृषि रक्षा अधिकारी, समर्थमान एग्रो केमिकल्स लिमिटेड के प्रतिनिधि, कीटनाशी विक्रेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। जिला कृषि अधिकारी के आभार प्रदर्शन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
