गाजीपुर
जुलाई माह का मुफ्त राशन वितरण शुरू, 20 जुलाई तक मिलेगा खाद्यान्न
अंत्योदय कार्डधारकों को 3 किलो चीनी भी मिलेगी, राशन दुकानों पर सुबह-शाम दो पालियों में होगा वितरण
गाजीपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जुलाई 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण जिले में शुरू हो गया है। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि गेहूं और फोर्टीफाइड चावल का वितरण 6 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम फोर्टीफाइड चावल, कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 1 किलोग्राम गेहूं और 4 किलोग्राम फोर्टीफाइड चावल का वितरण किया जाएगा।
अंत्योदय कार्डधारकों को अप्रैल, मई और जून 2026 की त्रैमासिक अवधि के सापेक्ष 3 किलोग्राम चीनी भी दी जाएगी। इसके लिए लाभार्थियों को 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से कुल 54 रुपये का भुगतान करना होगा। चीनी वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी और लाभार्थियों को अपनी मूल राशन दुकान से ही चीनी प्राप्त करनी होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि ई-पास मशीन से निकलने वाली वितरण पर्ची में गेहूं, फोर्टीफाइड चावल और बाजरा का मूल्य शून्य तथा चीनी का मूल्य 18 रुपये प्रति किलोग्राम प्रदर्शित होगा। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत पात्र लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी उचित दर दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वितरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है। जिन उपभोक्ताओं का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाएगा, उन्हें 20 जुलाई को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
जिले के सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित समय में राशन वितरण सुनिश्चित करें।
