मिर्ज़ापुर
पीएचसी पटेहरा में अधेड़ मरीज की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
गंभीर हालत में लाया गया था मरीज, उपचार के दौरान हुई मौत
मीरजापुर। विकास खंड पटेहरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पटेहरा में सोमवार सुबह एक अधेड़ मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन हो गया।
गंभीर स्थिति में पहुंचे थे अस्पताल
जानकारी के अनुसार, ककरद गांव निवासी 60 वर्षीय मटरू की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजन सुबह करीब 8 बजे निजी साधन से उन्हें पीएचसी पटेहरा लेकर पहुंचे। मरीज की हालत गंभीर होने पर मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने प्राथमिक उपचार शुरू करते हुए ऑक्सीजन सपोर्ट दिया।
उपचार के दौरान बिगड़ी हालत
इलाज के दौरान ही मरीज की स्थिति और गंभीर होती चली गई और कुछ ही समय बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताई आर्थिक तंगी की स्थिति
मृतक की पत्नी सरिता ने बताया कि उनके पति पिछले करीब छह महीने से बीमार चल रहे थे और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। घर का पूरा भार उन्हीं के श्रम पर निर्भर था। उन्होंने बताया कि रात में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
चिकित्सक का बयान
डॉ. राजकुमार ने बताया कि मरीज को गंभीर सांस संबंधी समस्या थी। प्राथमिक उपचार दिया जा रहा था और स्थिति को देखते हुए रेफर करने की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान मरीज की मृत्यु हो गई।
परिवार में मातम
मृतक के दो पुत्र और पांच पुत्रियां हैं, जिनमें से दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
