मिर्ज़ापुर
प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा, 112 पुलिस को सौंपा
भोर में घर के पास बाइक देखकर मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने की घेराबंदी
मीरजापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार भोर एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जहां प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती पहुंची गांव तक
जानकारी के अनुसार, गांव की 22 वर्षीय युवती की सोनभद्र निवासी एक युवक से करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही।
पैसे भेजकर बुलाया युवक को
बताया गया कि शनिवार को युवती ने युवक को अपने घर बुलाया। पैसे की कमी होने पर युवक ने युवती को जानकारी दी, जिस पर युवती ने कथित तौर पर ₹1000 गूगल पे के माध्यम से भेज दिए। इसके बाद युवक अपने कुछ साथियों के साथ तीन बाइक पर सवार होकर गांव पहुंचा।
ग्रामीणों ने चोर समझकर किया हमला
रविवार तड़के करीब 3 बजे युवक और उसके साथी गांव के बाहर पहुंचे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने अंधेरे में उन्हें संदिग्ध समझ लिया। शोर मचाने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीन लोग मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवकों की ग्रामीणों ने चोर समझकर पिटाई कर दी।
112 पुलिस ने लिया हिरासत में
सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच और पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का बयान
राजगढ़ थाना अध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।
