वाराणसी
दो दिवसीय दौरे पर 7 जुलाई को काशी आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य योजना का करेंगे शुभारंभ, डीबीटी से छात्रों के खातों में भेजेंगे धनराशि
काशी से विंध्याचल और फिर चित्रकूट का रहेगा कार्यक्रम
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई से दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार शाम 6:05 बजे वह श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री में डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे। विवाह समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री शाम 7:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ
8 जुलाई की सुबह मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे से आयोजित कार्यक्रम में वह बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा योजना का शुभारंभ करेंगे।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भी हस्तांतरित करेंगे।
विंध्याचल में करेंगे दर्शन-पूजन
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जापुर के विंध्याचल रवाना होंगे। वहां मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद अष्टभुजा अतिथि गृह में विंध्याचल मंडल के लोक निर्माण विभाग के लंबित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे।
विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री नए विकास कार्यों की कार्ययोजना पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:40 बजे वह विंध्याचल से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा चित्रकूट के लिए रवाना हो जाएंगे।
