वाराणसी
रूपापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर खड़ी ट्रक से टकराई बाइक
टक्कर के बाद मौके पर ही तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर स्थित वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा कैसे हुआ
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक जैसे ही रूपापुर क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान पांडेयपुर निवासी विजय कुमार पाल (30), पुत्र राजेंद्र पाल के रूप में की है। परिजनों के अनुसार, विजय रविवार रात एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक के परिजनों ने बताया कि विजय की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह वेल्डिंग का कार्य करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा मिर्जामुराद पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिर्जामुराद पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
