गाजीपुर
गाजीपुर में वन महोत्सव के तहत भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने किया आम का पौधा रोपित, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गाजीपुर (वन महोत्सव विशेष)
सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, गाजीपुर द्वारा वन महोत्सव (01 जुलाई से 07 जुलाई) के अंतर्गत चलाए जा रहे पौधरोपण जन अभियान के तहत शनिवार को नेता जी सुभाष चन्द्र बोस शहीद स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पति डॉ. अवधेश बिंद के साथ आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
अधिकारियों ने वन महोत्सव के महत्व पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम में सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया तथा वन महोत्सव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

वृक्षारोपण को बताया प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी
डॉ. अवधेश बिंद ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने जनसहभागिता के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ वातावरण के लक्ष्य को प्राप्त करने पर जोर दिया।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नंदगंज अनिल कुमार सिंह, हरेन्द्र यादव, कुलदीप सिंह, आदित्य यादव सहित वन विभाग के कर्मचारी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
