गाजीपुर
वन महोत्सव के तहत गाजीपुर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम, राज्यसभा सांसद ने किया वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, अधिकाधिक पौधरोपण का किया आह्वान
गाजीपुर। सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, गाजीपुर द्वारा वन महोत्सव (01 जुलाई से 07 जुलाई) के अंतर्गत चलाए जा रहे पौधरोपण जन अभियान के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस शहीद स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पति डॉ. अवधेश बिंद के साथ आम का पौधा रोपित कर लोगों से अधिकाधिक पौधरोपण और उनके संरक्षण की अपील की।
वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश
सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वन महोत्सव के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
पर्यावरण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए तथा उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए।
डॉ. अवधेश बिंद ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है, जिसे जनसहभागिता से ही पूरा किया जा सकता है।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संचालन श्री सुधीर कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नंदगंज अनिल कुमार सिंह, हरेन्द्र यादव, कुलदीप सिंह, आदित्य यादव सहित वन विभाग के कर्मचारी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
