गाजीपुर
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर ट्रेलर ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त\
मुड़वल गांव के पास हुआ हादसा, चालक सुरक्षित; ट्रेलर छोड़कर फरार हुआ चालक
नंदगंज (गाजीपुर)। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर थाना क्षेत्र के मुड़वल गांव के समीप रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने सीमेंट लदे ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दोनों चालकों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, नंदगंज से सीमेंट लादकर ट्रैक्टर गाजीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुड़वल गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर को अधिक नुकसान पहुंचा, जबकि ट्रेलर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
